गरमपानी- रक्षाबंधन और श्रावण मास को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी के निर्देश तहसील श्रीकैंचीधाम और धारी क्षेत्र के कैंची, खैरना, गरमपानी, कसियालेख, लेटीबुंगा, भटेलिया व धानाचूली सहित विभिन्न क्षेत्रों में होटल, किराना, फल-सब्जी और मिठाई की दो दर्जन से अधिक दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर दाल, धनिया, हल्दी, पुष्टाहार दलिया और घी के कुल 8 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों का पालन नहीं करने पर 4 प्रतिष्ठानों को ऑनलाइन नोटिस जारी किए गए हैं। 15 दिन के भीतर कमियों का निस्तारण नहीं होने पर उनके खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। व्यापारियों को स्वच्छता बनाए रखने, बिना बिल के खरीदारी न करने, एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय न करने, एफएसएसएआई नियमों का पालन करने और ग्राहकों को बिल देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा तथा लोगों से भी मिलावट की शिकायत मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad