उत्तराखंड पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देशों के बाद, तल्लीताल और मल्लीताल पुलिस की संयुक्त सक्रियता से मंगलवार सुबह भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को हिरासत में ले लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नरेश पांडे के साथ मौजूद काले कपड़ों में तैनात चार हथियारबंद बाउंसरों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे कोतवाली में गहन पूछताछ की जा रही है।मामले की गंभीरता: नरेश पांडे के खिलाफ मल्लीताल कोतवाली में एक युवती ने शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी, डराने-धमकाने और यौन शोषण करने का गंभीर मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर लड़कियों को आगे कर आपत्तिजनक वीडियो बनवाने और ब्लैकमेलिंग सिंडिकेट चलाने के भी गंभीर आरोप हैं।
खुद को रसूखदार व्यापारी नेता और समाजसेवी बताने वाले नरेश पांडे की इस गिरफ्तारी से पूरे जिले के व्यापारिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने साफ संदेश दिया है कि युवतियों का शोषण और ब्लैकमेल करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पूछताछ में कई अन्य सफेदपोशों के नामों का खुलासा होने की उम्मीद है।
















