अल्मोड़ा। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और छात्र हितों की अनदेखी के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। लगातार सामने आ रही शिक्षा व्यवस्था की अनियमितताओं और छात्र हितों से जुड़े गंभीर मामलों की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करे और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।
जिलाध्यक्ष कांग्रेस अल्मोड़ा भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि आज देश का युवा रोजगार, पारदर्शी परीक्षाओं और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा ने केंद्र सरकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।

















