गरमपानी। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपाखी के समीप निर्माणाधीन नया पुल लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे इस मार्ग पर आवाजाही करने वाले यात्रियों की जान लगातार जोखिम में बनी हुई है। पुल के आसपास सुरक्षा के नाम पर लगाए गए डिवाइडर और पोल बेहद घटिया व कच्चे हैं, जो गाड़ी के मामूली संपर्क में आते ही टूटकर बिखर रहे हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण इस संवेदनशील मोड़ पर लगातार हादसे हो रहे हैं। हाल ही में एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर इन्हीं कमजोर डिवाइडरों को तोड़ते हुए सीधे नीचे खाई की ओर जा गिरा। गनीमत यह रही कि वह झाड़ियों में अटक गया और उसकी जान बच गई। इससे पहले भी पर्यटकों से भरी एक बस निर्माणाधीन पुल के डिवाइडर से टकराकर खाई में गिरते-गिरते बची थी।

स्थानीय लोगों और राहगीरों में प्रशासन व एनएचएआई (NHAI) की इस घोर अनदेखी को लेकर भारी आक्रोश है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस खतरनाक स्थान की सुध लेने वाला कोई नहीं है। सवाल यह उठता है कि आखिर नए पुल का निर्माण कार्य कब पूरा होगा और क्या संबंधित विभाग किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार कर रहा है? ग्रामीणों ने तुरंत मजबूत क्रैश बैरियर लगाने और पुल का काम जल्द पूरा करने की मांग उठाई है।

















