हल्द्वानी। देहरादून से हल्द्वानी पहुंचे पौड़ी निवासी एक युवक पर रविवार तड़के बस से उतरते ही अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं वारदात के बाद उसके बैग में रखे करीब 4 लाख रुपये भी गायब हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, पौड़ी गढ़वाल निवासी विकास देहरादून में डिजिटल मार्केटिंग का कार्य करते हैं। उन्हें हल्द्वानी के एक स्थानीय कारोबारी को 4 लाख रुपये का भुगतान करना था। इसी सिलसिले में वे शनिवार देर रात देहरादून से बस में सवार होकर रविवार सुबह करीब 4 बजे हल्द्वानी बस अड्डे पहुंचे थे।

बस से उतरते ही एक युवक ने चाकू की नोक पर उनसे रुपयों की मांग की। विरोध करने पर आरोपी ने उनके पेट में नाभि के पास चाकू से वार कर दिया, जिससे विकास लहूलुहान होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे एक राहगीर ने उन्हें तुरंत डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पीड़ित के मुताबिक हमले के बाद उनके बैग से 4 लाख रुपये गायब हैं। पुलिस मामले को लूट और जानलेवा हमले के एंगल से जांच रही है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad