चंद्रशेखर घोडके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में जनपद में स्कूलों, कॉलेजों, नगर, कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अटल आदर्श इंटर कॉलेज, द्वाराहाट में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। टीम द्वारा विद्यालय में साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति से संबंधित बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी गई।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनमें फर्जी कॉल, ओटीपी शेयरिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक, यूपीआई फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं फर्जी निवेश योजनाओं के माध्यम से लोगों को ठगा जा रहा है।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम द्वारा बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर गंभीर प्रभाव डालता है तथा युवाओं का भविष्य बर्बाद कर सकता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी सूचना अथवा सहायता हेतु मानस नेशनल नार्कोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी भी साझा की गई।

















