14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियाँ प्रदान की गयी


(*राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि तथा 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए।
*** प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ श्री अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
*** स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का भी अनावरण हुआ)

अल्मोड़ा/ हल्द्वानी, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वाँ दीक्षांत समारोह राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉक्टर ढा़ल सिंह बिसेन व प्रदेश के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित हुआ।दीक्षांत समारोह में प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई।


समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। माननीय राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। दीक्षांत समारोह का संचालन विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट ने किया। प्रारंभ में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन, माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि प्रो. नागेश्वर राव तथा मानद उपाधि प्राप्तकर्ता श्री अश्वनी लोहनी का स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्णतः साक्षर राज्य बना है। उन्होंने जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में अध्ययन पूर्ण करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियाँ डिजिलॉकर के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि तथा 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जा रहे हैं। इन 36 स्वर्ण पदकों में 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं।प्रगति रिपोर्ट में कुलपति ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं सामुदायिक पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में 8 क्षेत्रीय केंद्रों एवं 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से संचालित हो रहा है तथा इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इनमें डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊँनी, गढ़वाली, नेपाली एवं जापानी भाषा के पाठ्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को NCVET से रेगुलेटरी अथॉरिटी एवं ड्यूल रिकग्निशन प्राप्त होने के बाद सहायक होमस्टे प्रबंधक पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किया गया है। परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों में जारी किए गए।
कुलपति ने जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 231 जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुँच बनाई गई तथा एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पाँच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आठ गाँवों में ‘गाँव गौरव’ एवं ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ एवं ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलों के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से हुए शैक्षणिक समझौतों, शोध अनुदान, शोधार्थियों को प्रदान की गई अध्येतावृत्ति तथा शिक्षकों की शोध उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन, 135 शोध पत्र तथा UCOST सहित सात पुरस्कारों के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की।

समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि प्रदान की गई।
पीएच.डी. उपाधि प्राप्त करने वाले आठ शोधार्थियों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल शामिल हैं। साथ ही 36 मेधावी शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय, कुलाधिपति एवं प्रायोजित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प भी दिलाया।मानद उपाधि से सम्मानित श्री अश्वनी लोहनी


समारोह में श्री अश्वनी लोहनी को उनके प्रशासनिक, प्रबंधकीय एवं व्यावसायिक योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री लोहनी ने भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सहित अनेक महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। रेलवे, विमानन एवं पर्यटन के क्षेत्र में उनके योगदान उल्लेखनीय रहे हैं।

विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री-समकक्ष योग्यताएँ अर्जित करने के लिए भी उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। वर्तमान में वे नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।विशिष्ट अतिथि प्रो. नागेश्वर राव का संबोधनNAAC की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव ने विश्वविद्यालय की यात्रा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय की मूल अवधारणा शिक्षा को सर्वसुलभ एवं लोकतांत्रिक बनाना है।

आज मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उच्च शिक्षा की एक महत्त्वपूर्ण पद्धति के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने शिक्षार्थियों से आजीवन सीखने, अपने व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने तथा व्यापक राष्ट्रीय दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया गया इस मौके पर प्रदेश के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज एवं राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया।


समारोह के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति माननीय राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों के आरंभ का प्रतीक है।

डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी ने संस्थान ‘लाला देवकीनंदन नंद किशोर एजेंसीज’ की ओर से स्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली मेधावी महिला अभ्यर्थी माता स्वर्गीय श्रीमती शीला देवी, धर्मपत्नी लाला ओम प्रकाश अग्रवाल की स्मृति में परास्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली महिला अभ्यर्थी तथा अपनी दादी स्वर्गीय श्रीमती भगवती देवी, धर्मपत्नी लाला नंदकिशोर अग्रवाल की स्मृति में एम.कॉम. स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी अभ्यर्थी के लिए भी एक-एक स्वर्ण पदक दिये। इस दीक्षांत समारोह में भी माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन द्वारा इन तीनों प्रायोजित स्वर्ण पदकों से मेधावी शिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों का संचालन डॉ. शशांक शुक्ला, डॉ. सुचित्रा अवस्थी, श्री गौरव उपाध्याय एवं सुश्री हर्षिता मेहता ने किया।


विश्वविद्यालय का 11वाँ दीक्षांत समारोह उपाधि प्राप्त करने वाले शिक्षार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ-साथ उच्च शिक्षा की सुलभता, शोध एवं नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रीय विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करने वाला अवसर रहा। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, शिक्षार्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad