​देहरादून। नियमित रोजगार और मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे पीआरडी जवानों पर बुधवार को पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग पार करने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी जवानों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसमें 11 पीआरडी जवान घायल हो गए।

​उत्तराखंड प्रांतीय रक्षक हित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष किशन रावत के नेतृत्व में बुधवार को देहरादून और हरिद्वार समेत विभिन्न जिलों से करीब सात हजार पीआरडी जवान गांधी पार्क के समीप एकत्र हुए थे। दोपहर करीब 12 बजे सभी जवान वर्दी में मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हुए। हाथीबड़कला में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो बैरिकेडिंग गिरा दीं, जबकि करीब 15 फीट ऊंची तीसरी बैरिकेडिंग पर जवान चढ़ गए।

​दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लगभग 100 जवान बैरिकेडिंग पार कर दूसरी ओर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा। संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी विनोद तोमर के अनुसार, इस कार्रवाई में प्रदेश अध्यक्ष किशन रावत, वीरेंद्र, दिनेश, गणेश भट्ट, दीपा रावत, नवीन बिष्ट और विनोद तोमर समेत कुल 11 जवान घायल हुए हैं।

​650 रुपये दैनिक मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल

​पीआरडी जवानों का कहना है कि उन्हें प्रतिदिन 650 रुपये मानदेय मिलता है, लेकिन वह भी नियमित नहीं है। किसी को दो महीने तो किसी को छह महीने ही ड्यूटी मिल पाती है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। जवानों ने साल में 365 दिन रोजगार की गारंटी, होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन और ‘समान कार्य के लिए समान वेतन’ लागू करने की मांग की है।

​लाठीचार्ज की कांग्रेस ने की निंदा

​कांग्रेस प्रदेश महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने पीआरडी जवानों पर पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जवानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर जवानों की मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad