धारी (नैनीताल): जनपद नैनीताल के पर्वतीय क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। धारी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए का आतंक अब जानलेवा साबित हो रहा है। शुक्रवार सुबह एक रूह कंपा देने वाली घटना में, तेंदुए ने घर के पास से ही एक महिला को निवाला बना लिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
घर के पास ही घात लगाकर बैठा था गुलदार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत दीनी तल्ली (तोक धुरा) निवासी हेमा देवी (42 वर्ष), पत्नी गोपाल सिंह, शुक्रवार की सुबह अन्य दिनों की तरह मवेशियों के लिए चारा (घास) लेने के लिए जंगल की ओर निकलने की तैयारी कर रही थीं। अभी वह घर के पास ही पहुँची थीं कि वहां झाड़ियों में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। तेंदुआ महिला की गर्दन दबोचकर उन्हें घसीटते हुए तेजी से घने जंगल की ओर ले जाने लगा।
परिजनों के सामने घसीट ले गया खूंखार जानवर
यह मंजर देख महिला के देवर ने शोर मचाया और साहस दिखाते हुए पत्थर फेंककर तेंदुए को डराने की कोशिश की। ग्रामीण भी मौके की ओर दौड़े, लेकिन खूंखार तेंदुआ महिला को नहीं छोड़ सका और उन्हें जंगल की गहराई में ले गया। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और लाठी-डंडों के साथ जंगल की ओर खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद, घटनास्थल से कुछ दूरी पर हेमा देवी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
ग्रामीणों में आक्रोश और वन विभाग की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची। ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए की आवाजाही बनी हुई थी, जिसकी सूचना प्रशासन को दी गई थी, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए।

















