गरमपानी: विश्व प्रसिद्ध नीम करोली बाबा धाम (कैंची धाम) में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और उसके कारण लगने वाले अनियंत्रित ट्रैफिक जाम ने स्थानीय व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। इस गंभीर समस्या को लेकर मंगलवार को ग्राम पंचायत बारगल की ग्राम प्रधान गीता पाठक के नेतृत्व में गरम्पानी बाजार के व्यापारियों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भगवती भकुनी के माध्यम से उपजिलाधिकारी (SDM) नैनीताल को ज्ञापन प्रेषित किया।

​ज्ञापन में व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि कैंची धाम में लगने वाले लंबे जाम के कारण पर्यटकों के वाहन गरम्पानी बाजार तक पहुँच ही नहीं पा रहे हैं। प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए गाड़ियों को बाजार से काफी पहले ही अन्य मार्गों पर डाइवर्ट किया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से सीजन के दौरान उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि यही स्थिति रही, तो छोटे व्यापारियों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो जाएगी।

ग्राम प्रधान और व्यापारियों ने प्रशासन के सम्मुख निम्नलिखित मुख्य माँगें रखी हैं:

  • ट्रैफिक प्लान में बदलाव: गरम्पानी के व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान ट्रैफिक डाइवर्जन प्लान में तत्काल सुधार किया जाए।
  • रोटेशन प्रणाली: गाड़ियों को पूरी तरह डाइवर्ट करने के बजाय एक व्यवस्थित रोटेशन प्रणाली लागू की जाए ताकि बाजार में आवाजाही बनी रहे।
  • अतिरिक्त सुरक्षा बल: यातायात सुचारू करने के लिए गरमपानी क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल या होमगार्ड्स की तैनाती की जाए।

​व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान गीता पाठक सहित समस्त व्यापारि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad