हल्द्वानी: कुसुमखेड़ा स्थित आरके टैंट हाउस रोड निवासी डॉक्टर दंपति के 15 वर्षीय बेटे ने गुरुवार शाम घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक किशोर रुद्र बिड़ला स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था। घटना के समय परिजन घर पर मौजूद नहीं थे। घर लौटने पर परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा दो पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से शांतिपुरी निवासी डॉ. मनोज कांडपाल वर्तमान में जिला सर्विलांस अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और पूर्व में नगर स्वास्थ्य अधिकारी भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी डॉ. ऐश्वर्या कांडपाल हल्द्वानी महिला अस्पताल में वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी हैं। उनका बड़ा बेटा बिड़ला स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे रुद्र ने घर के भीतर सीढ़ियों की स्टील रेलिंग में जंजीर के सहारे फंदा लगाया।
सुसाइड नोट में किशोर ने माता-पिता को बेहद अच्छा बताते हुए लिखा कि उन्हें लेकर कोई शिकायत नहीं है और वह दोनों से बहुत प्यार करता है। उसने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति या परीक्षा के दबाव के कारण यह कदम नहीं उठाया गया, बल्कि वह कई महीनों से मानसिक व भावनात्मक रूप से परेशान था और हालात नियंत्रण से बाहर हो गए थे।
उसने भाई के साथ बिताए पलों को याद किया और दादा-दादी के स्वस्थ व खुश रहने की कामना की। स्कूल स्टाफ के अनुसार, रुद्र मिलनसार स्वभाव का था और एथलेटिक्स में भी सक्रिय था; बुधवार को वह सामान्य दिनों की तरह स्कूल गया था, जबकि गुरुवार को अनुपस्थित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




























