देहरादून। उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि चुनाव की तिथियों की आधिकारिक घोषणा आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ होगी, लेकिन मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने अभी से सुरक्षा और प्रबंधन का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है।
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील व दुर्गम क्षेत्रों में कड़ी निगरानी के लिए केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की 70 से अधिक कंपनियां मांगी जाएंगी। इसके साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से लगभग 10 हजार होमगार्ड बुलाने की भी योजना है, जिन्हें स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर तैनात किया जाएगा। प्रदेश पुलिस के भी करीब 15 हजार जवान चुनावी ड्यूटी में मुस्तैद रहेंगे।
निर्वाचन आयोग की कार्ययोजना के अनुसार, मतदान से लेकर मतगणना तक की संपूर्ण प्रक्रिया के संचालन के लिए लगभग 50 हजार कार्मिकों की तैनाती की जाएगी। वहीं, मतदान केंद्रों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए कुल 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी मोर्चा संभालेंगे। उत्तराखंड की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ पहाड़ी इलाकों में स्थित बूथों को देखते हुए सुरक्षा बलों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
सी-विजिल ऐप और सीसीटीवी से होगी निगरानी चुनावी पारदर्शिता बढ़ाने के लिए इस बार तकनीक का व्यापक इस्तेमाल होगा। आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए ‘सी-विजिल’ (cVIGIL) ऐप सक्रिय रहेगा। इसके अलावा, प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और मतदान का सजीव प्रसारण (वेबकास्टिंग) भी किया जाएगा। आयोग की टीमों के वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए उन पर जीपीएस भी लगाए जाएंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है और सुरक्षा बलों की आवश्यकता को लेकर केंद्र सरकार को पत्र भेज दिया गया है।




























