हल्द्वानी/भवाली: हल्द्वानी के कालाढूंगी रोड स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) की कक्षा 12 की 17 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना के समय वह घर पर अकेली थी. इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका ज्योति (17 वर्ष), जो कि कालाढूंगी रोड स्थित जीजीआईसी में कक्षा 12 में अध्ययनरत थी, वर्तमान में अपनी मां के साथ छड़ायल के संगम विहार क्षेत्र में निवास कर रही थी.
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह किसी बात को लेकर उसे घर पर डांट पड़ गई थी. इसके बाद उसने नाश्ता किया और दिन में अपने कमरे में चली गई. कुछ देर बाद जब कमरे में जाकर देखा गया, तो उसका शव पंखे से लटका हुआ मिला.
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. थाना प्रभारी सुशील जोशी ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है.



























