भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत ग्राम तलाड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त के निर्देशन में चल रहे ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा द्वारा विकासखंड हवालबाग के ग्राम तलाड़ में कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 17 कृषकों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 15 महिलाएं एवं 2 पुरुष शामिल रहे।


कार्यक्रम के दौरान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार खुल्बे ने ‘खेत बचाओ अभियान’ के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर भारत ने खाद्यान्न उत्पादन एवं कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है कुरमुकटा कीट के प्रभावी नियंत्रण के लिए गांव स्तर पर वीएल प्रकाश प्रपंच (VL Light Trap) एवं डब्ल्यूजीपीएसबी-2 (WGPSB-2) पाउडर के उपयोग की जानकारी दी तथा इसके प्रभावी नियंत्रण हेतु कृषकों को सामूहिक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि बतैन से बने प्राकृतिक घोल का फसलों पर छिड़काव करने से विभिन्न कीटों के प्रबंधन में भी सहायता मिल सकती है।


कार्यक्रम के दौरान कृषकों के साथ संवाद भी किया गया, जिसमें उन्होंने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को साझा किया। कृषकों ने जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान तथा शीघ्र पकने वाली फसल प्रजातियों के बीजों की उपलब्धता की मांग रखी।

इस पर डॉ. राजेश कुमार खुल्बे ने मंडुवा एवं सोयाबीन (भट्ट) की कुछ उन्नत एवं उपयुक्त प्रजातियों की जानकारी दी, जिन्हें कृषक अपने क्षेत्रों में अपनाकर लाभान्वित हो सकते हैं।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. राजेश कुमार खुल्बे एवं श्री देवेंद्र सिंह कार्की द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिमगिरि नेचुरल कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड की संस्थापक श्रीमती प्रीति भंडारी का सक्रिय सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad