
गरमपानी : गरमपानी बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) द्वारा नालियों की व्यापक सफाई कर मिट्टी व मलबा हटाया गया है। स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के लिए स्थानीय निवासी सुरेश तिवारी ने एक सराहनीय पहल शुरू की है।
सुरेश तिवारी ने आम जनता और राहगीरों से भावुक अपील की है कि वे सड़क किनारे या नव-सफाई की गई नालियों के पास पेशाब न करें। उन्होंने बताया कि गरमपानी में सार्वजनिक शौचालय बना हुआ है, इसलिए सभी लोग स्वच्छता बनाए रखने हेतु केवल शौचालय का ही उपयोग करें।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व सड़क किनारे प्राकृतिक सुंदरता बढ़ाने और लोगों को खुले में पेशाब करने से रोकने के लिए हेज घास लगाई गई थी। नालियों की सफाई पूरी होने के बाद अब पूरी सड़क के किनारे हेज घास लगाने का निर्णय लिया गया है। लोगों को जागरूक करने के लिए सड़क किनारे यहाँ पेशाब करना मना है!” का चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया है।
सुरेश तिवारी ने स्थानीय प्रशासन से भी अनुरोध किया है कि प्रशासनिक स्तर पर चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाएं और सार्वजनिक स्थलों को गंदा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

















