गरमपानी: पवित्र माघ मास के अवसर पर गरमपानी बाजार स्थित शनि मंदिर में शनिवार, 31 जनवरी 2026 को विशाल खिचड़ी भंडारे का आयोजन किया गया। स्थानीय निवासियों द्वारा विगत वर्षों की परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी दोपहर 12 बजे से भक्तों के लिए प्रसाद वितरण शुरू किया गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शनि देव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और प्रसाद ग्रहण किया। माघ मास में दान और खिचड़ी भोज का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है, इसी भावना के साथ सैकड़ों स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने इस भंडारे में प्रतिभाग किया। भक्तिमय भजनों और “जय शनि देव” के जयघोष से पूरा बाजार क्षेत्र गुंजायमान रहा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय व्यापारियों और मंदिर सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।