कैंची धाम आने वाले श्रद्धालु कराएं होटल की अग्रिम बुकिंग, ओवररेटिंग और शिप्रा नदी में गंदगी फैलाने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई

विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। ‘खबर का असर’ के तहत कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण (DDA) सभागार नैनीताल में पुलिस, प्रशासन, परिवहन और लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों संग एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली।

बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को धाम क्षेत्र में किसी भी तरह की असुविधा न हो और यातायात प्रबंधन को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखा जाए।

बैठक के मुख्य दिशा-निर्देश:

  • बिना होटल बुकिंग न आएं श्रद्धालु: कुमाऊं कमिश्नर ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे वीकेंड पर कैंची धाम आने से पूर्व ही अपने होटल की अग्रिम बुकिंग (Advance Booking) सुनिश्चित कर लें, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक ट्रैफिक और भीड़ का दबाव न बने।
  • शिप्रा नदी में स्नान पर पूर्ण प्रतिबंध: पवित्र शिप्रा नदी के अस्तित्व और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए नदी में नहाने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। जिलाधिकारी को इस संबंध में सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
  • ओवररेटिंग करने वाली दुकानों पर कार्रवाई: धाम क्षेत्र में खाद्य एवं पेय पदार्थों की दुकानों पर ओवररेटिंग रोकने के लिए सभी दुकानदारों को प्रमुखता से ‘रेट लिस्ट’ लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। ज्यादा कीमत वसूलने वाले व्यापारियों के खिलाफ ठोस दंडात्मक कार्रवाई होगी।
  • 15 दिन में स्वचालित होंगे मंदिर के गेट: मंदिर परिसर में क्राउड मैनेजमेंट के लिए वीकेंड पर हेड काउंट कैमरे (Head Count Cameras) लगाए जाएंगे। साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 15 दिनों के भीतर मंदिर के प्रवेश व निकास द्वारों पर ऑटोमैटिक (स्वचालित) सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात व्यवस्था और सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश

  • परिवहन विभाग के स्पेशल बूथ: विकास भवन पार्किंग और सैनिटोरियम क्षेत्र में परिवहन विभाग के बूथ स्थापित किए जाएंगे। वीकेंड पर बाइक टैक्सियों की नियमित चेकिंग होगी।
  • बारापत्थर जाम से निजात: नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में टोल पास की कम चौड़ाई के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर यातायात सुचारू रखने के सख्त निर्देश दिए।
  • सड़कों का डामरीकरण: लोक निर्माण विभाग (PWD) और एनएच के अधिकारियों को सड़कों का पेचवर्क एवं डामरीकरण का कार्य तत्काल पूरा कर सभी प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद: बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू (KMOU) यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad