पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के कनालीछीना विकासखंड से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी हाईस्कूल के शिक्षक ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। स्कूल में तैनात एक शिक्षक पर 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी शिक्षक की प्रताड़ना के कारण छात्रा गर्भवती हो गई। बदनामी के डर से आरोपी शिक्षक ने छात्रा को चुपके से गर्भपात की दवा खिला दी। दवा खाने के बाद छात्रा को अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) होने लगा, जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति में परिजन उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कनालीछीना लेकर पहुंचे।
पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत धानिक के अनुसार, अस्पताल में हुई जांच के दौरान छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। क्षेत्राधिकारी (सीओ) के.एस. रावत ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, वहीं पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
















