उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता को उसके ही ससुराल वालों द्वारा करीब 10 महीने तक घर के एक कमरे और शौचालय में बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़िता के मायके पक्ष का आरोप है कि इस दौरान महिला के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उसे गंभीर मानसिक यातनाएं भी दी गईं।
बाल नोचे, सिर का एक हिस्सा हुआ खाली
पीड़िता के पिता ने इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ सेलाकुई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी की शादी राहुल खंडूड़ी नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास और ससुर ने मिलकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। क्रूरता की हदें तब पार हो गईं जब पिछले 10 महीनों से उसे घर के भीतर और शौचालय में कैद कर दिया गया। इस दौरान उसके साथ लगातार मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पिता का आरोप है कि बर्बरता से बाल खींचने के कारण महिला के सिर का एक हिस्सा पूरी तरह खाली हो गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
परिजनों को लंबे समय तक अपनी बेटी की इस हालत का अंदाजा नहीं था। जैसे ही उन्हें इस खौफनाक दास्तान का पता चला, उन्होंने तुरंत सेलाकुई थाना पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के पति, सास और ससुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है, और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

















