सड़कों पर उड़ती धूल और चढ़ाई पर धक्का मारते यात्री; प्रशासनिक उपेक्षा के बीच जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग

अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) पर सफर करना इन दिनों यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए दुःस्वप्न बन चुका है। मार्ग पर एक ओर जहाँ कैंची धाम क्षेत्र में वाहनों के भारी दबाव के चलते घंटों लंबा जाम लग रहा है, वहीं दूसरी ओर क्वारब बाईपास की बदहाली लोगों की जान से खिलवाड़ कर रही है।

क्वारब के पास वैकल्पिक व कच्चे रास्ते की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि वाहनों के पहिए मिट्टी और पत्थरों में लगातार धंस रहे हैं। तीखी चढ़ाई पर गाड़ियां चढ़ नहीं पा रही हैं, जिससे यात्रियों को खुद वाहनों से उतरकर भारी मशक्कत के साथ धक्का मारना पड़ रहा है। धूल के गुबार और खिसकते पत्थरों के बीच जोखिम उठाकर लोग जैसे-तैसे रास्ता पार करने को मजबूर हैं।

सुबह से शाम तक इस मार्ग से गुजरने वाले लोग दोहरा संकट झेल रहे हैं—पहले कैंची धाम के पास घंटों जाम में फंसना और फिर क्वारब बाईपास पर वाहनों को धक्का लगाकर आगे बढ़ना। संबंधित विभाग और प्रशासनिक अनदेखी के कारण लोगों में भारी रोष है। जनता अब बस एक ही सवाल पूछ रही है कि आखिर कब इस खस्ताहाल रास्ते से छुटकारा मिलेगा और कब हाईवे पर सफर सुरक्षित हो सकेगा?

ADVERTISEMENTS Ad Ad