( अनेक साहित्यिक संस्थाओं से जुड़ी है उमा तिवारी)
अल्मोड़ा/हल्द्वानीकीसाहित्यकार प्रवक्ता उमा तिवारी ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर स्वरचित गीत के माध्यम से महिलाओं को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं पर बहुआयामी दृष्टिकोण दिया है। जिसे हम प्रचारित प्रसारित कर रहे हैं।
शीर्षक: नारी शक्ति को नमन (गीत* )
नारी शक्ति को नमन हमारा,
नारी जग की शान है।
ममता, साहस, त्याग की मूरत,
नारी जग की पहचान है।।
माँ बनकर वह प्यार लुटाए,
आँचल में खुशियां बसाए ।
दुःख की धूप पड़े जब जीवन में,
छाया बनकर साथ निभाए।
उसके चरणों में रहता ,
जीवन का सम्मान है।
नारी शक्ति को नमन हमारा,
नारी जग की शान है।।
कभी बहन बन हिम्मत देती,
कभी बेटी बन घर महकाती।
कभी पत्नी बन जीवन पथ में
हर मुश्किल को दूर भगाती।
उसकी हँसी से खिल उठता
घर-आँगन और जहान है।
नारी शक्ति को नमन हमारा,
नारी जग की शान है।।
दुर्गा की शक्ति है उसमें,
सरस्वती का ज्ञान भरा,
लक्ष्मी बन समृद्धि लाती
खिल उठती है संपूर्ण धरा।
नारी से आज रोशन हो रहा
भारत माँ का सम्मान है।
नारी शक्ति को नमन हमारा,
नारी जग की शान है।।
(उमा तिवारी
हल्द्वानी।)
उमा तिवारी अखिल भारतीय साहित्य परिषद जनपद इकाई अल्मोड़ा, पर्वतीय रचनाकार मंच आदि साहित्य संस्थाओं से जुड़ी है। उमा तिवारी के सृजन पर अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
हिम शिखर परिवार अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को नमन कर इस मौके पर हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता है।

















