मोटाहल्दूल। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की हल्दूचौड़ चौकी के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मंगलवार देर रात चोरों ने एक बार फिर धावा बोल दिया। अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर से भारी पीतल का घंटा चुरा लिया। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम कर रहे राजस्थान निवासी एक राहगीर का मोबाइल फोन और नकदी से भरा पर्स भी चोर उड़ा ले गए। सुबह उठने पर पीड़ित को चोरी का पता चला, जिसके बाद तुरंत हल्दूचौड़ चौकी पुलिस को सूचित किया गया।

​स्थानीय समाजसेवी विक्की पाठक और क्षेत्रवासियों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस ऐतिहासिक मंदिर को पहले भी कई बार निशाना बनाया जा चुका है, जहां से कलश और दानपात्र चोरी हो चुके हैं। पुरानी घटनाओं का खुलासा न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ी गिरोह इस वारदात के पीछे हो सकते हैं। धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही इन वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल हल्दूचौड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad