तेज बहाव और मटमैले पानी ने बढ़ाई SDRF की मुश्किलें, गुरुवार सुबह फिर शुरू होगी खोजबीन

गरमपानी: बेतालघाट ब्लॉक के कलुवाबगड़ रोपा क्षेत्र में कोसी नदी के समीप दोस्तों संग बैठा 17 वर्षीय किशोर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। बिनकोट निवासी दीपक कुमार (पुत्र भुवन चंद्र) का अचानक संतुलन बिगड़ा और पैर फिसलने से वह नदी के तेज प्रवाह में समा गया। साथ मौजूद साथियों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि दीपक देखते ही देखते जलधारा में बह गया।

घबराए साथियों ने तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

4 किलोमीटर क्षेत्र में चला सर्च ऑपरेशन एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने नदी के तटीय इलाकों, झाड़ियों और संभावित ठहराव वाले स्थानों पर लगभग चार किलोमीटर तक सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, इन दिनों कोसी नदी में पानी बेहद गंदला होने और धारा तेज होने की वजह से रेस्क्यू टीम को नदी के भीतर तलाश करने में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

बारिश के चलते अभियान स्थगित देर शाम क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू होने से नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा। बेतालघाट थानाध्यक्ष विजय नेगी ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शाम तक करीब 4 किमी दायरे में दीपक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। तेज बारिश के चलते फिलहाल अभियान रोक दिया गया है। बृहस्पतिवार सुबह मौसम साफ होते ही दोबारा बड़े पैमाने पर खोजबीन शुरू की जाएगी।

इस हादसे के बाद से दीपक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। ग्रामीण और परिजन देर शाम तक नदी किनारे उम्मीद लगाए खड़े रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad