( * आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रदेश प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
**दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का जताया आभार)
प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है प्रदेश के मातृ व शिशु कल्याण में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का विशेष योगदान है, जमीनी स्तर पर की जा रही सेवाओं को नकारा नहीं जा सकता। यह बात पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों के मुलाकात के दौरान कहीप्रतिनिधिमंडलों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं भोजनमाताओं का दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही उनका मनोबल भी बढ़ेगा,भेंट के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं अत्यंत सराहनीय हैं वहीं राज्य सरकार भी मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए राज्य सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है प्रतिनिधि मंडल में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड की प्रांतीय महासचिव श्रीमती चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री श्रीमती वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती भगवती बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




























