खैरना बाजार में चला सघन चेकिंग अभियान, 1 वाहन का चालान; चौकी प्रभारी की सख्त चेतावनी
गरमपानी: खैरना बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रही रेंटल स्कूटी (टैक्सी बाइक) के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। खैरना पुलिस द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन (एमवी) अधिनियम के तहत 6 टैक्सी स्कूटी को सीज कर दिया गया, जबकि 1 अन्य स्कूटी का चालान किया गया।
स्थानीय खैरना बाजार और मुख्य मार्ग के आसपास लगातार नियम-विरुद्ध रेंटल स्कूटी के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने मुस्तैदी से चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कई रेंटल स्कूटी का संचालन निर्धारित मानकों के विपरीत पाया गया, जिस पर पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई की।
मामले की जानकारी देते हुए खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था से खिलवाड़ और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेंटल स्कूटी व अन्य व्यावसायिक वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन स्वामियों व चालकों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





















