रामनगर । कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे रामनगर वन प्रभाग में बाघ के हमले की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार देर शाम, अपर कोसी रेंज के बेला बीट क्षेत्र में एक बाघ सड़क किनारे से 50 वर्षीय व्यक्ति को खींचकर घने जंगल में ले गया। रविवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान जंगल के भीतर लगभग दो किलोमीटर दूर व्यक्ति का सिर और शरीर के कुछ अवशेष बरामद हुए हैं।
शनिवार शाम को हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल पर खून से लथपथ कपड़े मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण इसे रोकना पड़ा। रविवार तड़के वन कर्मियों ने दोबारा अभियान चलाया। बाघ की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए टीम ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की।
पगचिह्नों का पीछा करते हुए जब टीम जंगल के अंदर पहुंची, तो वहां का दृश्य भयावह था। बाघ ने व्यक्ति को पूरी तरह अपना निवाला बना लिया था; मौके पर केवल सिर और शरीर के कुछ ही हिस्से बचे थे।
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। शव की स्थिति इतनी खराब है कि पहचान करना चुनौतीपूर्ण है, इसलिए विभाग अब डीएनए सैंपलिंग के जरिए मृतक की पहचान सुनिश्चित करेगा। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में भारी दहशत का माहौल है।

















