गरमपानी। भुजान के पास कोसी नदी में नहाने गए सेना की एजुकेशन कोर में तैनात नायब सूबेदार पृथ्वी पाल सिंह (38) की शुक्रवार को नदी के तेज बहाव में बहने से असामयिक मौत हो गई। हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि उनका छह वर्षीय मासूम बेटा ओम भी पिता के साथ था और उसकी आंखों के सामने ही पिता नदी के प्रचंड प्रवाह में बह गए।

द्वाराहाट के ग्राम कुनस्यारी निवासी नायब सूबेदार पृथ्वी पाल सिंह (पुत्र त्रिलोक सिंह) करीब एक माह पूर्व भटिंडा से छुट्टी लेकर घर आए थे। शनिवार को उन्हें वापस अपनी ड्यूटी पर लौटना था। शुक्रवार को वे अपने छह वर्षीय बेटे ओम के साथ पत्नी और छोटी बेटी के पास हल्द्वानी जा रहे थे। रास्ते में भुजान के पास वे अपने साथियों धन सिंह (35), नरेंद्र सिंह (38) और राजेंद्र सिंह (36) के साथ कोसी नदी में नहाने के लिए रुक गए।

नहाने के दौरान अचानक पृथ्वी पाल सिंह नदी की तेज धारा की चपेट में आ गए। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन देखते ही देखते वे बहाव में करीब तीन किलोमीटर दूर तक बह गए।

घटना की सूचना मिलने पर बेतालघाट पुलिस और SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। SDRF ने त्वरित सर्च अभियान शुरू किया और लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें नदी से रेस्क्यू किया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेतालघाट के एसआई शंकर नयाल ने बताया कि पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कागजी कार्रवाई की जा रही है। छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर लौटने से ठीक पहले हुए इस हादसे से सैन्यकर्मी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और समूचे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

ADVERTISEMENTS Ad