अल्मोड़ा। जनपद में शनिवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट बदली और भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा असर नगर निगम परिसर में देखने को मिला, जहाँ हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि दुकानों के बाहर लगे विशालकाय ग्लोसाइन बोर्ड और होर्डिंग्स उखड़कर सड़क पर आ गिरे।
तेज अंधड़ के कारण कई दुकानों के टिन शेड उड़ गए और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को काफी आर्थिक क्षति पहुँची है। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर आवाजाही कम थी, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
आंधी के चलते पूरे शहर की विद्युत व्यवस्था भी ठप हो गई, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।