जनप्रतिनिधियों ने जताई सहमति

गरमपानी– बेतालघाट ब्लॉक के शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग स्थित बढ़ेरी में प्रस्तावित खैरना बैराज परियोजना को लेकर गुरुवार को बढ़ेरी महादेव शिव मंदिर परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के तकनीकी पहलुओं, डूब क्षेत्र, मुआवजा, सड़क, पेयजल, सिंचाई और पर्यटन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।


इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि बैराज में 13 मीटर जलस्तर रखा जाएगा। डूब क्षेत्र में आने वाली सड़क को ऊपरी हिस्से से दो लेन में विकसित किया जाएगा, जबकि बैराज के नौ गेटों के माध्यम से नदी के मध्य से जल निकासी की व्यवस्था रहेगी। परियोजना से प्रभावित लगभग तल्लाकोट का 2.5 तथा धारी खैरनी की 3.7 हेक्टेयर नाप भूमि के लिए शासन की निर्धारित दर से चार गुना मुआवजा दिए जाने का प्रावधान रखा गया है।


बैठक में अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के बाद अधिकांश जनप्रतिनिधियों ने परियोजना पर सहमति जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। विधायक सरिता आर्य ने कहा कि खैरना बैराज बनने से नैनीताल, गरमपानी, भवाली, रानीखेत सहित कई क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार बैराज धनियाकोट और खैरनी गांव के बीच बढ़ेरी स्थित कोसी नदी पर बनाया जाएगा। करीब 19 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाली इस परियोजना में 9 गेट, लगभग 1.5 किलोमीटर लंबाई, 19 मीटर ऊंचाई और 115 मीटर चौड़ाई का बैराज प्रस्तावित है। परियोजना की अनुमानित लागत 402 करोड़ रुपये है तथा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता डी.के. सिंह ने बताया कि बैराज बनने के बाद 41 एमएलडी पानी का भंडारण किया जाएगा, जिससे भविष्य में पेयजल संकट से राहत मिलेगी और सिंचाई व्यवस्था भी मजबूत होगी।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह बिष्ट, बीडीसी सदस्य विक्रम बोहरा, कमल जंतवाल, प्रकाश आर्य, दलीप बोरा, हेम आर्य, पुष्कर सिंह, राजेंद्र मेहरा, नीरज तिवारी, रमेश सुयाल, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता डी.के. सिंह तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad