उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार रात एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। भटवाड़ी तहसील के कई क्षेत्रों में रात करीब 8:02 बजे अचानक धरती हिलने पर लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप के झटके महसूस होते ही स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया और संबंधित क्षेत्रों में स्थिति की जानकारी जुटाई गई। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत की बात यह रही कि भूकंप के कारण किसी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
उत्तरकाशी भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में भूकंप के हल्के झटके भी लोगों में चिंता का कारण बन जाते हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
















