अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संवेदनशील ‘क्वारब डेंजर जोन’ से एक बार फिर डराने वाली खबर सामने आई है। आज बृहस्पतिवार को अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबे और बोल्डरों की बरसात हो गई। इस अचानक हुए भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों के पहिये थम गए। हालांकि, इस आपातकालीन स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाया है और लंबे समय से प्रतीक्षित क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग को यातायात के लिए तुरंत खोल दिया गया है।
हैरानी की बात यह है कि आज संबंधित निर्माण कंपनी द्वारा हाईवे पर सुधारीकरण या कटिंग का कोई कार्य नहीं किया जा रहा था। इसके बावजूद, पहाड़ी के अत्यधिक कच्चे और संवेदनशील होने के कारण अचानक भरभराकर भारी मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर मुख्य सड़क पर आ गिरे। गनीमत रही कि उस वक्त कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री बीच राह में फंस गए।
उल्लेखनीय है कि क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल करने के लिए गत दिनों प्रशासन और संबंधित विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया था। इस निरीक्षण के बाद से ही मार्ग को खोले जाने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन तकनीकी पेंच यह था कि जिलाधिकारी (डीएम) अल्मोड़ा की ओर से अनुमति के आदेश की आधिकारिक प्रति विभाग को प्राप्त नहीं हुई थी। अधिकारी अभी इस लिंक मार्ग को खोलने के कानूनी और सुरक्षा मानकों पर विचार-विमर्श कर ही रहे थे कि प्रकृति ने अचानक फैसला सुना दिया और हाईवे बंद होने के कारण प्रशासनिक मशीनरी को तुरंत एक्शन में आना पड़ा।
हालात की गंभीरता को देखते हुए नेशनल हाईवे (NH) विभाग ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कागजी कार्रवाई के इंतजार को दरकिनार करते हुए विकल्प के तौर पर क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग को आज ही वाहनों की आवाजाही के लिए हरी झंडी दे दी गई। वर्तमान में हाईवे पर फंसे छोटे और आवश्यक वाहनों को इसी लिंक मार्ग से सुरक्षित निकाला जा रहा है।

वहीं, मार्ग पर अत्यधिक ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान भी लागू कर दिया है। इसके तहत हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रही गाड़ियों को वाया रानीखेत होते हुए अल्मोड़ा की ओर भेजा गया, जबकि कुछ हल्के वाहनों को लिंक रोड चौंसली से निकाला गया।

















