उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर के एक होटल में दिल्ली से आई महिला मित्र के साथ ठहरे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत का कारण शक्तिवर्धक दवाओं का अत्यधिक सेवन माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौला गेट राजपुरा (हल्द्वानी) निवासी 32 वर्षीय युवक पेशे से डेंटर था। वह मंगलवार शाम को शहर के एक होटल में दिल्ली निवासी अपनी 30 वर्षीय महिला मित्र के साथ रुका था। बताया जा रहा है कि रात के समय युवक ने बड़े ब्रांड की शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन किया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत हो गया।

युवक की हालत गंभीर होने पर महिला मित्र ने होटल के कर्मचारियों की मदद से उसे तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को होटल के कमरे से कुछ दवाइयां भी बरामद हुई हैं। फॉरेंसिक और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टيا मामला शक्तिवर्धक दवाओं के ओवरडोज का लग रहा है, जिससे हृदय गति रुकने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक और स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व विसरा जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

पुलिस द्वारा जुटाई गई जानकारी के अनुसार, मृतक युवक और दिल्ली से आई महिला मित्र दोनों ही पहले से शादीशुदा हैं और दोनों के दो-दो बच्चे भी हैं। दोनों के बीच कई वर्षों से पुरानी जान-पहचान और संपर्क होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और होटल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad