गरमपानी

गरमपानी: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गरमपानी क्षेत्र के निवासियों और यहाँ से गुजरने वाले हजारों यात्रियों के लिए एक सुखद खबर है। पिछले कई वर्षों से उपेक्षा के कारण बदहाली का शिकार होकर बंद पड़ा सार्वजनिक शौचालय अब जल्द ही पुनर्जीवित होने जा रहा है।

इस समस्या का संज्ञान लेते हुए ग्राम प्रधान गीता पाठक ने ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम के माध्यम से इस मुद्दे को जिलाधिकारी (DM) के समक्ष प्रमुखता से रखा था। उन्होंने बताया कि हाईवे पर स्थित होने के कारण यहाँ यात्रियों का भारी दबाव रहता है, लेकिन शौचालय की सुविधा न होने से महिलाओं और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। विभागीय सक्रियता बढ़ते ही जेई रमेश आर्य ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पुष्टि की कि शौचालय के जीर्णोद्धार का खाका तैयार कर लिया गया है और जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

शौचालय के दोबारा शुरू होने की खबर से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में उत्साह है। लोगों का कहना है कि यह न केवल स्वच्छता अभियान को मजबूती देगा, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

ADVERTISEMENTS Ad