गरमपानी : दीपावली के पावन पर्व पर खैरना बाजार में उमड़ने वाली भारी भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय की अध्यक्षता में व्यापार मंडल और टैक्सी संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा और यातायात को लेकर कई कड़े निर्णय लिए गए हैं।
त्योहार के दौरान अग्निकांड और भीड़भाड़ से बचाव के लिए मुख्य बाजार में पटाखों की दुकानें लगाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। सभी व्यापारियों के लिए तहसील के समीप निर्धारित खुले स्थान पर ही दुकानें लगाना अनिवार्य किया गया है। साथ ही, बिना वैध लाइसेंस के पटाखे बेचने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र रखने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात सुचारू रखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को बाजार में प्रवेश देने के बजाय पहले ही रोक दिया जाएगा। बैठक में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल और देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर पनौरा ने भी विचार रखे और हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जनता से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।






















