गरमपानी:उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलते ही मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। मंगलवार को भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गरमपानी और खैरना बाजार में अचानक हुई मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरसी। बारिश के दौरान पहाड़ी से एक विशाल पत्थर अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा, जिसने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

गनीमत यह रही कि जिस समय पत्थर गिरा, उस वक्त बाइक के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया। हालांकि, पत्थर की चपेट में आने से बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।अचानक हुई इस तेज बारिश और भूस्खलन जैसी स्थिति से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ियों से पत्थर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन ने भी यात्रियों से संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad