हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर केसर कॉलोनी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक 19 वर्षीय छात्र ने कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र हेमंत परिहार मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के सुनियाकोट (बड़गांव) का रहने वाला था। वह हल्द्वानी में अपने ताऊ के घर पर रहकर भविष्य की परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह वह रोज की तरह बाहर घूमने गया था। वहां से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने उसे आवाजें दीं।

​दरवाजा खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो चिंतित परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए; हेमंत फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और तुरंत डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad