
उत्तराखण्ड क्रांति दल, जिला अल्मोड़ा के तत्वावधान में आगामी 9 अगस्त 2026 को खादी परिसर, जेती (लमगड़ा) में आयोजित होने वाले “अगस्त क्रांति जनशक्ति महासम्मेलन” की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा महासम्मेलन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियाँ तय की गईं।
बैठक के दौरान “अगस्त क्रांति जनशक्ति महासम्मेलन” का आधिकारिक पोस्टर भी विधिवत जारी किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को अनुशासित, भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में जानकारी दी गई कि इस महासम्मेलन में उत्तराखण्ड क्रांति दल के केंद्रीय नेतृत्व के लगभग सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम में लगभग 4,000 लोगों की विशाल जनरैली निकाली जाएगी, जो उत्तराखण्ड के स्वाभिमान, अधिकारों एवं जनसरोकारों की बुलंद आवाज बनेगी। 9 अगस्त केवल भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति का दिन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के स्वाभिमान, अधिकार, रोजगार, पलायन, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा प्रदेश के समग्र विकास के संकल्प का भी दिवस है। यह महासम्मेलन प्रदेश में जनजागरण एवं संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु मंच व्यवस्था, स्वागत, आवास, भोजन, यातायात, प्रचार-प्रसार, मीडिया समन्वय, सुरक्षा, पार्किंग एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न समितियाँ सक्रिय रूप से कार्य करेंगी, जिससे कार्यक्रम का संचालन व्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से हो सके।
उत्तराखण्ड क्रांति दल के सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष चंदन सिंह के नेतृत्व में सैनिक प्रकोष्ठ का दल गैरसैंण में आयोजित होने वाली सैनिक प्रकोष्ठ की रैली में प्रतिभाग करने हेतु रवाना हुआ। जिला कार्यालय से जिला अध्यक्ष श्री दिनेश जोशी ने पार्टी का ध्वज दिखाकर दल को विधिवत रवाना किया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष गणेश, जिला महामंत्री एडवोकेट देवेश जोशी सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दल को शुभकामनाएँ देते हुए रैली की सफलता की कामना की।
इस अवसर पर दिनेश जोशी, पान सिंह, राजेन्द्र मेलकानी, सूरज पांगती, दीपा जोशी, किरण मेहरा, चंदन सिंह, गिरिशनाथ गंगोला (फौजी), एडवोकेट देवेश जोशी, मोहित शाह, विनायक मेलकानी, धीरज सिंह, दीपक सिंह, ध्रुव कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















