खैरना: जनपद के रातीघाट क्षेत्र में ट्रक चालक के साथ मारपीट और हंगामा करने वाले दो वाहन चालकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को सीज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, (10 फरवरी) को डायल 112 के माध्यम से खैरना पुलिस को सूचना मिली कि रातीघाट के पास दो व्यक्ति एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी खैरना, रमेश पन्त पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर वाहन संख्या UK04 TB 7968 और UK04 TB 2865 के चालकों द्वारा ट्रक चालक हरीश नेगी के साथ अभद्रता और मारपीट की जा रही थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों—मोहित (पुत्र जगदीश चन्द्र) और संजय कुमार (पुत्र कृष्णा चन्द्र)—को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम दोनों को सीएचसी गरमपानी लेकर गई, जहाँ उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185, 202 और 207 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम में कांस्टेबल दर्शन चौधरी, राजेन्द्र सती और जगदीश धामी शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

ADVERTISEMENTS Ad