
गरमपानी। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय प्राथमिक विद्यालय तल्ला सिरसा में एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर ग्राम प्रधान सिरसा एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गरमपानी भुवन चन्द्र के नेतृत्व तथा चिराग (CHIRAG) संस्था के सौजन्य से संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत छोटे बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिराग संस्था की मेडिकल टीम ने उपस्थित लोगों की लंबाई, वजन तथा हीमोग्लोबिन की जांच की। परीक्षण के बाद स्वास्थ्य रिपोर्ट के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

शिविर में चिराग संस्था के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य देखभाल, संतुलित आहार, हीमोग्लोबिन का स्तर सही बनाए रखने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

इस जनहितकारी कार्यक्रम में रामगढ़ ब्लॉक के क्षेत्र प्रबंधक भीम सिंह नेगी, विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के पदाधिकारी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय तल्ला सिरसा के प्रधानाचार्य राम कुमार तथा समस्त विद्यालय परिवार एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ग्राम प्रधान भुवन चन्द्र ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि:
दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होने से आम जनता को घर-दौड़े स्वास्थ्य लाभ मिल पाता है।”
उन्होंने चिराग संस्था और उनकी स्वास्थ्य टीम के इस कल्याणकारी प्रयास की खुले दिल से सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

















