देहरादून: उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में आगामी 13 जून तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय जिलों में अगले छह दिनों तक और मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान हल्की से बहुत हल्की बारिश के साथ गर्जना और बिजली चमकने के आसार हैं।

​मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बुधवार से बारिश का दायरा बढ़ेगा, जिससे लगभग सभी पहाड़ी जिलों में वर्षा होगी। विशेषकर गुरुवार को कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश सक्रिय रहेगी। शुक्रवार और शनिवार को पूरे उत्तराखंड में तेज गर्जना के साथ व्यापक बारिश का अनुमान जताया गया है।

​दूसरी ओर, मैदानी जिलों (हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर) में शुरुआती कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा, जिससे अगले 2-3 दिनों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने तथा सावधानी बरतने की सलाह दी है।

ADVERTISEMENTS Ad