शिप्रा और कोसी नदी के पावन संगम तट पर शिव भक्तों ने किया जलाभिषेक, भजन-कीर्तन के साथ लगाए जयकारे।
खैरना: पवित्र सावन माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर खैरना स्थित प्रसिद्ध श्री सोमवारी महाराज गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शिप्रा और कोसी नदी के पावन तट पर स्थित इस सिद्ध स्थल पर सुबह से ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयकारों की गूंज से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
सावन के इस पावन पर्व पर तड़के से ही स्थानीय श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चों का मंदिर पहुँचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिला श्रद्धालुओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन किया। भक्तों ने भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, दूध और पुष्प अर्पित कर क्षेत्र की सुख, समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की।