गरमपानी। खैरना चौकी में बुधवार की शाम नवनियुक्त चौकी प्रभारी सतीश चंद्र उपाध्याय की अध्यक्षता में क्षेत्रीय व्यापारियों और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की कानून, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना रहा।
चौकी प्रभारी ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए वाहन चालकों को सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन पार्क न करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन सीजन के मद्देनजर सभी होटल और होम-स्टे स्वामियों को निर्देशित किया कि वे अपने यहाँ आने-जाने वाले हर मुसाफिर का पूरा रिकॉर्ड दर्ज करें। इसके साथ ही, बाहरी क्षेत्रों से आकर घरों में रह रहे किराएदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की।
चौकी प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, तो वाहन स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर (FIR) भी दर्ज की जाएगी। बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने स्थानीय लोगों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय साझा किए और वर्तमान में चल रहे ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे नए साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक किया।
बैठक में देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर पनौरा ने ओवरलोडिंग का मुद्दा उठाया, जिस पर चौकी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि 5 सीट से अधिक सवारी बैठाने वाले टैक्सी चालकों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही, क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नशा करने या बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से कोसी और शिप्रा नदी के गहरे व खतरनाक क्षेत्रों में नहाने वालों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग रखी, जिसे चौकी प्रभारी ने स्वीकार करते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान बैठक में मुख्य रूप से व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल, हितेश साह, रक्षित साह, आशीष पांडे, त्रिभुवन पाठक, बालम पिनारी, नवल बिष्ट, अनिल बिष्ट और राम सिंह सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

















