होली के उल्लास के बीच रातीघाट के पास एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। हल्द्वानी से हवालबाग की ओर जा रही एक मारुति 800 कार अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग सवार थे।

​कार चालक के अनुसार, अचानक ब्रेक फेल होने और हैंडल लॉक हो जाने के कारण वाहन पर से नियंत्रण खो गया, जिससे कार बीच सड़क पर ही पलट गई। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि कार में सवार एक बुजुर्ग महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से उन्हें उच्च केंद्र हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।

​सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और मोर्चा संभाला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। गनीमत रही कि कार गहरी खाई में नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

ADVERTISEMENTS Ad