लोहाघाट (चंपावत): चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र अंतर्गत घाट पुल के समीप उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पिथौरागढ़ जिले के वड्डा निवासी 39 वर्षीय जनेश खर्कवाल संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। पुल के पास लावारिस हालत में उनकी स्कूटी और कपड़े बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि युवक नदी में गिर गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पिथौरागढ़ और चंपावत पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घाट नदी में बड़े पैमाने पर सर्च अभियान शुरू किया। बचाव कार्य को गति देने के लिए चंपावत के स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी तैनात किया गया है। रेस्क्यू टीम द्वारा नेत्र सलाम घाट और आसपास के संभावित नदी क्षेत्रों में गहन खोजबीन की जा रही है।
चौकी प्रभारी विपुल जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनेश रविवार से ही अपने घर से गायब थे, जिसकी गुमशुदगी परिजनों ने पिथौरागढ़ कोतवाली में दर्ज कराई थी। सोमवार को पुल के पास उनकी स्कूटी और कपड़े मिलने के बाद पुलिस ने गोताखोरों के साथ नदी में तलाश शुरू कर दी है।
इस दुखद और संदिग्ध घटना के बाद से जनेश के परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं। पुलिस और राहत दल हर संभावित स्थान पर युवक की खोज में पूरी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।

















