गरमपानी। बेतालघाट ब्लॉक स्थित काली पहाड़ी क्षेत्र में गुरुवार को आपदा प्रबंधन की एक मॉकड्रिल आयोजित होनी थी। लेकिन मॉकड्रिल शुरू होने से ठीक पहले, पास के सिमलखा गांव का एक 17 वर्षीय युवक कोसी नदी पार करते समय अचानक अनियंत्रित होकर तेज बहाव में बह गया।
वहां मौजूद लोगों ने जैसे ही युवक को बहते देखा, तुरंत इसकी सूचना मॉकड्रिल के लिए तैनात बचाव दल को दी। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बिना वक्त गंवाए असली रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। जवानों ने नदी के किनारे-किनारे पीछा करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला।
नदी से बाहर निकालने के बाद मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को CPR देकर होश में लाने का भरसक प्रयास किया। इसके बाद उसे बेहद गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सिमलखा निवासी आनंद सिंह के पुत्र विशाल जलाल (17 वर्ष) के रूप में हुई है। इस असमय और दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
















