हल्द्वानी। शहर के होटलों और होमस्टे में ठहरने वाले मेहमानों के पहचान पत्रों (आईडी) की जांच में बरती जा रही लापरवाही अब संचालकों पर भारी पड़ रही है। मुखानी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले ने स्थानीय आतिथ्य प्रतिष्ठानों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। मामले की जांच के दौरान सामने आई गंभीर खामियों के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कटघरिया स्थित त्रिशूल होमस्टे को सील कर दिया है।
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि होमस्टे में नाबालिग को कमरा आवंटित करते समय उसके पहचान पत्र का कोई सत्यापन नहीं किया गया था। नियमों को ताक पर रखकर दिए गए इसी कमरे में नाबालिग के साथ पॉक्सो एक्ट से जुड़ा यह जघन्य अपराध घटित हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को सील करने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस संवेदनशील मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा केवल आरोपियों तक सीमित न रहकर होमस्टे के संचालन और वहां बरती गई अन्य अनियमितताओं तक फैल गया है।
प्रशासन की ओर से होमस्टे के लाइसेंस, अनुमति और अन्य दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर संचालक के खिलाफ आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने दो टूक स्पष्ट किया है कि महिला और बाल अपराधों में संलिप्त दरिंदों के साथ-साथ ऐसे अपराधों के लिए पनाह या सुविधाएं मुहैया कराने वाले संचालकों को भी किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




























