गरमपानी/नैनीताल: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी और परेशान करने वाली खबर है। राजमार्ग पर गरमपानी स्थित फ्रॉग प्वाइंट के पास पहाड़ी से लगातार भारी मलबा और बोल्डर गिरने के कारण यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। आज सुबह करीब 10:30 बजे से पहाड़ी दरकने का सिलसिला शुरू हुआ, जिसके बाद से ही हाईवे पर वाहनों के पहिए थमे हुए हैं। दोनों ओर फंसे सैकड़ों यात्री मार्ग खुलने के इंतजार में परेशान हो रहे हैं।

जेसीबी की कोशिशें हो रहीं नाकाम मार्ग को सुचारू करने के लिए प्रशासन और कार्यदायी संस्था की टीम मौके पर मुस्तैद है। सड़क पर आए मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों को काम पर लगाया गया है। लेकिन पहाड़ी से भूस्खलन लगातार जारी है। स्थिति यह है कि जेसीबी मशीन जैसे ही सड़क से मलबा साफ कर रही है, उसके तुरंत बाद पहाड़ी से फिर मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिर रहे हैं। बार-बार मलबा आने से मार्ग खोलने के काम में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे सड़क को यातायात के लिए सुरक्षित करना फिलहाल एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

छड़ा से लेकर रतिघाट तक फंसीं गाड़ियां हाईवे बंद होने का सीधा असर अल्मोड़ा से हल्द्वानी और हल्द्वानी से अल्मोड़ा की तरफ जाने वाले यातायात पर पड़ा है। दोनों ओर लंबा जाम लग गया है। खैरना की तरफ जाने वाले वाहनों का जाम ‘छड़ा’ तक पहुंच गया है, वहीं हल्द्वानी साइड में वाहनों की कतारें ‘रतिघाट’ तक लंबी हो गई हैं। घंटों से जाम में फंसे होने के कारण छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों—को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

यात्रियों से सावधानी की अपील प्रशासन की ओर से अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर सफर करने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे फिलहाल इस रूट पर अपनी यात्रा टाल दें। जब तक पहाड़ी से मलबा गिरना पूरी तरह से रुक नहीं जाता और मार्ग पूरी तरह साफ नहीं हो जाता, तब तक इस रास्ते पर जाना जोखिम भरा हो सकता है। प्रशासन मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटा है।

ADVERTISEMENTS Ad