गरमपानी:अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। द्वारपुल के पास एक तेज रफ्तार बस (यूके 04 PA 4041) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे कंक्रीट डिवाइडर से जोरदार तरीके से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार लगभग 30 यात्रियों में से 15 लोग चोटिल हुए हैं, जिनमें से 5 यात्रियों को गंभीर चोट आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, यह बस अल्मोड़ा में एक शादी समारोह से लौट रहे यात्रियों को लेकर हल्द्वानी की ओर जा रही थी। यात्रियों ने बताया कि जब बस कैंची धाम के पास पहुंची, तो चालक को अचानक याद आया कि उसका मोबाइल फोन पीछे एक रेस्टोरेंट पर ही छूट गया है।
मोबाइल लेने की जल्दबाजी में चालक ने बस को वापस अल्मोड़ा की ओर मोड़ दिया। फोन उठाने के बाद जब बस दोबारा हल्द्वानी की ओर आ रही थी, तभी गरमपानी से कुछ ऊपर द्वारपुल के पास तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी।

गनीमत यह रही कि जब चालक मोबाइल लेने वापस मुड़ा, तो लगभग 11 यात्री कैंची धाम पर ही उतर गए थे। यदि वे भी बस में सवार होते, तो घायलों की संख्या और अधिक हो सकती थी। बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्री कोलकाता, दिल्ली और अन्य बाहरी क्षेत्रों के रहने वाले थे।मदद को आगे आए स्थानीय लोग:हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
वहां से गुजर रहे टैक्सी चालकों और अन्य वाहन स्वामियों ने तत्परता दिखाते हुए मानवता का परिचय दिया। पुलिस और एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना, टैक्सी चालकों ने अपनी गाड़ियों से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
पुलिस की कार्रवाई:हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती तेज रफ्तार और ड्राइवरों की लापरवाही पर चिंता व्यक्त की है।
बस में सवार यात्रियों में राजस्थान, पंजाब और पश्चिम बंगाल के पर्यटक भी शामिल थे। घायलों में निम्नलिखित मुख्य नाम सामने आए हैं:राजस्थान से: शकुंतला (52 वर्ष), जिज्ञासा (14 वर्ष)।पश्चिम बंगाल (कोलकाता) से: सुनीता (43 वर्ष), सरोज (60 वर्ष), बसंत कुमार गुप्ता (63 वर्ष), स्नेहलता अग्रवाल (72 वर्ष), आभा (43 वर्ष), लक्ष्य अग्रवाल (7 वर्ष), मितु (45 वर्ष)।पंजाब से: बलविंदर (28 वर्ष)।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 15 घायलों में से 5 यात्रियों की स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें तत्काल उच्च केंद्र (हायर सेंटर) रेफर किया गया है। शेष घायलों का उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

















