गरमपानी : क्षेत्र के व्यापारियों ने जिला पंचायत की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा उनके साथ “दोहरा व्यवहार” किया जा रहा है, जिससे बाजार में गंदगी का अंबार लग रहा है।

व्यापारियों के अनुसार, जिला पंचायत की कूड़े वाली गाड़ी पिछले दो चक्करों से गरमपानी बाजार में नहीं रुक रही है। गाड़ी सीधे खैरना की ओर निकल जाती है, जिससे व्यापारियों के पास कूड़ा जमा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बच रहा है।

उचित व्यवस्था न होने के कारण व्यापारियों को मजबूरन कूड़ा जलाना पड़ रहा है, जो पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक है। व्यापारियों का कहना है कि वे स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बनना चाहते हैं, लेकिन संसाधनों के अभाव और प्रशासनिक अनदेखी के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है।

इस मामले में त्रिभुवन पाठक दीपक कुमार, संजय पांडे, योगेश त्रिपाठी, रमेश तिवारी और भास्कर त्रिपाठी सहित कई अन्य व्यापारियों ने रोष व्यक्त किया है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि:

  • कूड़ा वाहन के न रुकने के कारणों की तत्काल जांच की जाए।
  • ​गरम पानी बाजार के लिए नियमित कूड़ा निस्तारण सेवा सुनिश्चित की जाए।
  • ​व्यापारियों के साथ हो रहे इस भेदभाव को तुरंत समाप्त किया जाए।

​व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

ADVERTISEMENTS Ad