वर्षों से रिक्त पड़े 14 पदों को तत्काल भरने की मांग; इंटरमीडिएट स्तर पर प्रवक्ता के सभी 9 पद खाली।
गरमपानी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) बेतालघाट में लंबे समय से अध्यापकों के पद रिक्त होने से शिक्षण व्यवस्था चरमरा गई है। इससे परेशान कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राओं ने गुरुवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद शिव मंदिर प्रांगण में एकत्र होकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कहा कि बिना शिक्षकों के बेटियों का भविष्य संवरना असंभव है।
14 पद रिक्त, अतिथि शिक्षकों के सहारे विद्यालय विद्यालय में स्वीकृत पदों के आंकड़ों के अनुसार, इंटर स्तर पर प्रवक्ता के सभी 9 पद रिक्त पड़े हैं। वहीं स्नातक (एलटी) स्तर पर स्वीकृत 10 में से 5 पद खाली चल रहे हैं। कुल 14 पदों के खाली होने के कारण अधिकांश विषयों की पढ़ाई केवल अतिथि (गेस्ट) एवं पीटीआर शिक्षकों के भरोसे चलाई जा रही है।
प्रशासन की बेपरवाही पर जताया आक्रोश अभिभावक संघ और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शेखर दानी के नेतृत्व में छात्राओं ने शिक्षा विभाग व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर आवाज उठाई। वक्ताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार उपेक्षा से बेटियों को अपने अधिकार के लिए आवाज उठानी पड़ रही है। प्रदर्शन के दौरान पीटीए अध्यक्ष जीवंती देवी, चम्पा बोहरा और सुरेश चन्द्र सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

















